|
|
जिला अस्पताल का रैफरल ऑडिट करवाया जाएगा-डॉ मीना आगर मालवा : जिला अस्पताल आगर से मरीजों को अनावश्यक एवं बगैर उचित कारणों के अन्यत्र रेफरल का ऑडिट करवाया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी मरीज को किसी निजी चिकित्सा संस्था अथवा अन्य स्थानों के लिए रैफर नहीं किया जाए। यह बात कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने आज शुक्रवार को कलेक्ट्रट सभाकक्ष आगर में पत्रकारों और मीडिया बंधुओं से चर्चा करते हुए कहीं। इस मौके पर सहायक संचालक जिला जनसंपर्क कार्यालय श्री जगदीश चन्द्र मालवीय एवं पत्रकारगण उपस्थित थे। इस अवसर पर उपस्थित सभी पत्रकारों से चर्चा कर उनके सुझावो पर कलेक्टर ने प्रभावी कार्यवाही करने का विश्वास दिलाया। जिले में औद्योगिक विकास रोजगार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के विशेष प्रयास किए जाएंगे-डॉ. मीना कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि आगर जिले में औद्योगिक विकास एवं विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। जिले में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जाएंगे। सिंहस्थ के दौरान उज्जैन बडी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को जिले के धार्मिक स्थलों की ओर आकर्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की जाएगी। जनविश्वास शिविर आयोजित होंगें कलेक्टर डॉ. मीना ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में 07 अगस्त 2026 से चलाए जा रहे प्रदेश व्यापी मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस अभियान के तहत सभी जिलो, तहसीलों, नगरीय निकायों में जनविश्वास शिविर आयोजित किये जाएगें। इसका कैलेंडर तैयार कर लिया गया है इन शिविरों में विभिन्न विभागों के जिला व विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित होकर ग्रामीणो को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाएंगे और जन समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करेंगें। कलेक्टर ने बैजनाथ धाम के तहत विकास एवं बगुलामुखी माता मंदिर देवीलोक निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करवाने की बात भी कहीं। उन्होंने बाणगंगा नदी को अविरल प्रवाहमान बनाने के लिए जल संसाधन विभाग से परीक्षण करवाकर प्रस्ताव तैयार करवाने की बात भी कही। उपस्थित सभी पत्रकारगणों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। |