कलेक्टर श्री मीना ने बैजनाथ धाम में स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं प्रगतिरत कार्यों का अवलोकन किया
आगर मालवा : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने जिले की धार्मिक आस्था के केंद्र, प्राचीन श्री बैजनाथ महादेव मंदिर, आगर पहुंचकर भगवान बाबा बैजनाथ महादेव के दर्शन किए। उन्होंने मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक भी किया और भगवान से जिले वासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। जलाभिषेक , पंडित श्री वासुदेव शर्मा एवं श्री मनीष व्यास ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ करवाया।
इस अवसर पर एसडीएम मिलिंद ढोके, जिला जनसंपर्क अधिकारी जगदीश चंद्र मालवीय, तहसीलदार विजय सेनानी, हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी तथा श्रद्धालु एवं पुजारीगण उपस्थित थे।
विकास कार्यों का अवलोकन
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बैजनाथ धाम मंदिर एवं परिसर के समीप प्रगतिरत विकास एवं निर्माण कार्यों एवं साइट प्लान का अवलोकन किया तथा प्रगतिरत एवं निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर परिसर के समीप पार्किंग स्थल, श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग एवं विश्रामगृह तथा श्री जय नारायण विश्रांति भवन के संबंध में भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों और मुख्य पुजारी से चर्चा कर श्रद्धालुओं एवं वाहनों के लिए समुचित व्यवस्था करने तथा मंदिर के सामने स्थित छोटे-छोटे दुकानदारों के लिए उपयुक्त स्थान पर व्यवस्था करने के संबंध में विचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री बैजनाथ धाम के विकास एवं निर्माण में जन-सुविधाओं एवं श्रद्धालुओं की बेहतर सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इस मौके पर बैजनाथ महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी श्री मुकेश पुरी ने अंगवस्त्र एवं दुपट्टा पहनाकर कलेक्टर श्री मीना का स्वागत किया। पुजारी श्री वासुदेव शर्मा एवं श्री मनीष व्यास ने कलेक्टर को प्रसाद भेंट किया।