|
|
सरोदा। विद्या भारती ग्रामीण शिक्षा, मालवा प्रांत, जिला नीमच द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर, सरोदा में गुरु पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश, महर्षि वेदव्यास, माँ सरस्वती, प्रणव अक्षर "ॐ" तथा माँ भारती के पूजन-अर्चन से हुआ। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियाँ अर्पित की गईं। उत्सव के दौरान विद्यालय में नवीन प्रवेश लेने वाले भैया-बहनों का विद्यारम्भ संस्कार भी सम्पन्न कराया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री शंकरलाल गुर्जर (गोठा) द्वारा विद्यालय के आचार्य परिवार का सम्मान किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रहलाद सिंह राठौड़ ने गुरु की महिमा, महर्षि वेदव्यास के जीवन, गुरु-शिष्य परंपरा तथा जीवन में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु के मार्गदर्शन और श्रेष्ठ शिक्षा से ही व्यक्ति अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए इस लोक और परलोक दोनों का कल्याण कर सकता है। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों ने गुरु की महिमा पर आधारित कविता, दोहे एवं प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री प्रहलाद सिंह राठौड़, श्रीमती अनीता गोस्वामी, श्रीमती कृष्णा धाकड़, सुश्री यशोदा धाकड़, श्रीमती यज्ञप्रिया बैरागी, श्री अर्जुन धाकड़ सहित विद्यालय परिवार के समस्त आचार्य एवं सभी भैया-बहन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आरती के पश्चात सभी भैया-बहनों को प्रसाद वितरण के साथ हुआ। |