|
|
मनासा/नीमच। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी मनासा श्रीमती शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस ने वर्ष 2022 से फरार चल रहे अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी वकील उर्फ शंकर पिता सूरजमल बंजारा (38 वर्ष), निवासी पोखरदा को गिरफ्तार किया। आरोपी थाना मनासा के अपराध क्रमांक 18/2022 में धारा 8/15 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज डोडाचूरा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार था। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार अपने ठिकाने और पहचान बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। उसे पूर्व में उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत मिली थी, लेकिन वह थाने में उपस्थित नहीं हुआ और दोबारा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी जमानत निरस्त कराने के लिए उच्च न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया, जिसे स्वीकार करते हुए न्यायालय ने उसकी जमानत निरस्त कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश और राजस्थान में मादक पदार्थ तस्करी सहित कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से लगभग 7 मामलों में वह लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले में धारा 173(8) के तहत पूरक विवेचना जारी है। सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक तेज सिंह सिसौदिया, प्रधान आरक्षक अकीब मेव, आरक्षक अंकित जोशी तथा आरक्षक पिकेंश मोगिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। |