रतलाम। शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार देर रात स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की होमगार्ड कॉलोनी के समीप स्थित पद्मावती धाम में तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाश मुख्य दरवाजे का ताला और इंटरलॉक तोड़कर घर में घुसे तथा आलमारी और लॉकर के ताले तोड़कर करीब 12 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
फरियादी नीरजसिंह पिता मनोहरसिंह, निवासी पद्मावती धाम ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे वे अपने परिवार के साथ लोटस कॉलोनी स्थित रिश्तेदार के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे और रात वहीं रुक गए। रविवार सुबह पड़ोसी ने फोन कर मकान के ताले टूटे होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान पूरी तरह बिखरा पड़ा था।
चोर घर से करीब 35 ग्राम की तीन सोने की चेन, 25 ग्राम की चार अंगूठियां, 25 ग्राम के पांच जोड़ी टॉप्स, तीन चांदी के सिक्के, चांदी का कंदोरा, लगभग 300 ग्राम वजनी बच्चों और बड़ों के दो जोड़ी कड़े, एक घड़ी, 50 हजार रुपये नकद, बाइक की आरसी तथा एटीएम कार्ड भी अपने साथ ले गए।
पड़ोसी के सीसीटीवी फुटेज में तीनों बदमाश रात 2:26 बजे घर के आसपास घूमते दिखाई दिए, जबकि करीब 3 बजे चोरी कर निकलते नजर आए। फुटेज से स्पष्ट है कि आरोपी करीब आधे घंटे तक घर के भीतर आराम से चोरी करते रहे। तीनों की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है और उन्होंने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी जितेंद्रसिंह जादौन ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की आवाजाही और उनके भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके।
इस बड़ी चोरी की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और चोरी की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत