जावरा। आषाढ़ माह के पावन अवसर पर गवली समाज द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी आषाढ़ी माता (मां काली) का विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ पूजन-अर्चन किया गया। समाजजनों ने अच्छी वर्षा, क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि तथा सभी के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए सामूहिक रूप से माता की आराधना की। धार्मिक आयोजन में समाज के महिला-पुरुषों एवं युवाओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम का आयोजन स्वर्गीय बाबूलाल पटेल के सुपुत्र किशोर पटेल के नेतृत्व में गवली समाज सकल पंच द्वारा किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां आषाढ़ी का पूजन संपन्न हुआ तथा श्रद्धालुओं ने माता से क्षेत्र में समय पर अच्छी बारिश, भरपूर फसल और जनकल्याण का आशीर्वाद मांगा। पूजन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।
मीडिया प्रभारी चेतन गवली पटेल ने बताया कि इस अवसर पर समाजजनों ने रामबाग स्थित हरदेव लालजी महाराज मंदिर पहुंचकर भी पूजा-अर्चना की तथा समाज की एकता, भाईचारे और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज की परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं आस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
आयोजन में समाज के वरिष्ठजन सेवाराम मेहता, चुन्नीलाल मेहता, मुन्ना सतोगिया, शंकर मोहनिया, जीवन गवली, मुन्ना मेहता, पूरण मेहता, मनीराम सतोगिया, ताराचंद मेहता, आशाराम मेहता, कृष्णा मेहता, लक्ष्मण सतोगिया, श्याम सतोगिया, दीपक सतोगिया, नानू मोहनिया, राजू गवली, अनिल गवली, कैलाश सतोगिया, प्रहलाद सतोगिया, प्रदीप सतोगिया, सचिन मेहता, सन्नी मेहता, हर्ष मेहता, साहिल मेहता सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष उपस्थित रहे। आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत