रतलाम / बाजना
आकांक्षी विकासखंड बाजना को प्रदेश के उत्कृष्ट विकासखंडों की श्रेणी में लाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुश्री वैशाली जैन ने बाजना विकासखंड में संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं और निर्धारित विकास संकेतकों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तय समय सीमा में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें।
उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन के लिए केवल कागजी प्रगति पर्याप्त नहीं है बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग शिक्षा विभाग कृषि विभाग पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की पैरामीटरवार समीक्षा की गई। प्रत्येक विभाग से निर्धारित संकेतकों की प्रगति की जानकारी ली गई तथा जहां प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई वहां सुधार के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
सीईओ सुश्री वैशाली जैन ने अधिकारियों से कहा कि आकांक्षी विकासखंड की रैंकिंग सुधारने के लिए सभी विभाग एक टीम की तरह कार्य करें। विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए ताकि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा विकास कार्यों की लगातार समीक्षा कर कमियों को तत्काल दूर किया जाए।
बैठक में शिक्षा विभाग को विशेष रूप से निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए पढ़ाई को अधिक रुचिकर और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए नवाचार अपनाए जाएं। विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। साथ ही विकासखंड की फील्ड टीम को नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए।
सीईओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन नहीं करेंगे उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे गंभीरता प्रतिबद्धता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आकांक्षी विकासखंड बाजना को उत्कृष्ट श्रेणी में पहुंचाने के लिए पूरी क्षमता से प्रयास करें ताकि विकास के सभी निर्धारित मानकों पर बेहतर उपलब्धि हासिल की जा सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत