रतलाम सैलाना । युवाओं को साइबर अपराधों, नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय में ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के अंतर्गत एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैलाना थाना प्रभारी श्रीमती पिंकी आकाश एवं उप निरीक्षक श्रीमती शीना खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति तथा कानून से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.पी. पाटीदार ने दोनों पुलिस अधिकारियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के हित में मार्गदर्शन देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही दिशा प्रदान करते हैं।
अपने संबोधन में थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या व्यक्तिगत दस्तावेज किसी से साझा न करें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों की भी जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यदि कोई नाबालिग लड़की किसी के बहकावे में आकर घर छोड़ देती है या अपनी इच्छा से भी किसी के साथ जाती है, तब भी कानून के अनुसार संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और दंड का प्रावधान है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में आकर गलत निर्णय न लें और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस या परिवार से संपर्क करें।
वहीं उप निरीक्षक शीना खान ने नशा मुक्ति पर प्रभावी संवाद करते हुए कहा कि युवाओं को स्वयं पहचान करनी होगी कि उनका वास्तविक हितैषी कौन है और कौन उन्हें गलत रास्ते की ओर ले जा रहा है। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही काउंसलिंग एवं पुनर्वास के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर इस नंबर पर निःसंकोच सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), मानसिक स्वास्थ्य, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न गतिविधियों की भी जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सौरभ ई. लाल ने किया, जबकि अंत में डॉ. बालकृष्ण चौहान ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
महाविद्यालय में आयोजित यह जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से साइबर अपराधों से सतर्क रहने, नशे से दूर रहने, महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनने तथा कानून का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रेरक संदेश दिया गया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत