|
|
नीमच। जिला पंचायत नीमच द्वारा जारी ग्राम पंचायत सचिवों की स्थानांतरण सूची के बावजूद जनपद पंचायत जावद की ग्राम पंचायत बाणदा के सचिव मखन सिंह चुंडावत ने अब तक अपना नवीन पदस्थापन ग्रहण नहीं किया है। आदेश के अनुसार उनका स्थानांतरण प्रशासनिक आधार पर बोरदिया ग्राम पंचायत किया गया था, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि वे अभी भी पूर्व पंचायत के कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। जिला पंचायत नीमच द्वारा 15 जून 2026 को जारी आदेश में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि स्थानांतरित सचिवों को एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से कार्यमुक्त होकर नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि बिना उचित कारण स्थानांतरण आदेश का पालन नहीं करने वाले सचिवों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आदेश जारी हुए करीब दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी मखन सिंह चुंडावत ने नए पद पर कार्यभार नहीं संभाला है। इससे शासन के आदेशों की पालना और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि सामान्य कर्मचारियों को समय पर आदेश का पालन करना पड़ता है, तो पंचायत सचिवों के मामले में अलग व्यवस्था क्यों दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनपद पंचायत जावद से मांग की है कि स्थानांतरण आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा यदि आदेश की अवहेलना हुई है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि शासन के निर्देशों की विश्वसनीयता बनी रहे। रिपोर्ट : दिनेश जी जोशी |