रतलाम / सरवन
रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जबकि दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक को सरवन पुलिस ने रातभर की सर्चिंग और घेराबंदी के बाद पकड़ लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी चालक को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बड़खिया निवासी अरविंद निनामा अपनी रिश्तेदार दुर्गा खराड़ी के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से दानपुर से सरवन की ओर लौट रहे थे। रविवार रात करीब 10:00 से 10:15 बजे के बीच दोनों रतलाम-बांसवाड़ा रोड पर साईं पेट्रोल पंप से पहले घाटी के नीचे स्थित पुलिया के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सरवन की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सेमलिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ प्रधान आरक्षक विजय शेखावत, आरक्षक हिम्मत सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू करवाई और जाम खुलवाया। पुलिस ने 112 वाहन की सहायता से दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सेमलिया के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी शुरू की। दानपुर तक मार्ग पर सघन सर्चिंग की गई तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
इसी दौरान दानपुर के आगे एक संदिग्ध ट्रक खड़ा मिला। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने दुर्घटना से इनकार किया, लेकिन ट्रक पर मौजूद टक्कर के निशान और चालक के हावभाव से पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने दुर्घटना की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर रात में ही थाने पहुंचा दिया।
सरवन थाना पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 228/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 106(1), 281 एवं 125(ए) में प्रकरण दर्ज किया है।
मामले की जांच कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक काशीराम अलावे द्वारा की जा रही है।
थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सेमलिया ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक हादसे से बड़खिया और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत