सैलाना। भारत आदिवासी पार्टी (बाप) का कार्यकर्ता मिलन समारोह शनिवार देर शाम सैलाना-रतलाम-बांसवाड़ा रोड स्थित पठान फार्म हाउस पर उत्साह, एकजुटता और आगामी चुनावी रणनीति के साथ संपन्न हुआ। लंबे समय बाद एक मंच पर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मिशन-2028 और 2029 को लेकर जोरदार हुंकार भरते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में रावटी, शिवगढ़, बाजना, सैलाना, सरवन, बेड़दा और चंद्रगढ़ सहित विभिन्न ब्लॉकों एवं मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह में बाप के संस्थापक सदस्य कांति भाई आदिवासी, भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगीलाल निनामा, आदिवासी परिवार प्रतिनिधि देवीलाल रोत, बाप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह गड़वाल, पेटलावद विधानसभा प्रभारी धर्मेंद्र डामर तथा झाबुआ डीसीसी प्रभारी संदीप वसुनिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्थानीय नेतृत्व में जिला अध्यक्ष रमेश खराड़ी, सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार, राष्ट्रीय सदस्य कविता भगोरा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राजेन्द्र मैडा एवं चंदू मैडा मंचासीन रहे।
अपने संबोधन में कांति भाई आदिवासी ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य स्पष्ट है। वर्ष 2028 में मध्यप्रदेश में भारत आदिवासी पार्टी का मुख्यमंत्री बनाना और 2029 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी आदिवासी बाहुल्य सीटों पर जीत हासिल करना पार्टी का प्रमुख उद्देश्य है। इसके लिए अभी से गांव-गांव और बूथ स्तर पर तैयारी शुरू करनी होगी।
भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगीलाल निनामा ने संगठनात्मक एकता पर बल देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा, तभी आदिवासी समाज सहित सर्वसमाज के हितों को मजबूती मिलेगी।
वहीं विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र की सभी 112 सरपंच सीटों, सैलाना और बाजना जनपद के सभी जनपद सदस्यों, दोनों जनपद अध्यक्ष पदों तथा जिले की चारों जिला पंचायत सीटों पर ऐतिहासिक और एकतरफा जीत हासिल करना पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि अब घर बैठने का समय नहीं, बल्कि हर गांव, हर फलिया और हर घर तक पार्टी की विचारधारा, संघर्ष और विकास का संदेश पहुंचाने का समय है।
समारोह के अंत में कार्यकर्ताओं ने मिशन-2028 को सफल बनाने तथा घर-घर जाकर मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कमलेश्वर डोडियार के दोनों पुत्र कबीर और शुभम का जन्मदिन भी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साहपूर्वक मनाया गया। इसके पश्चात स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत