रतलाम/सैलाना
पुलिस विभाग की नियमित स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत सैलाना थाना एवं धामनोद चौकी में लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को थाना परिसर में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में सम्मानपूर्वक एवं भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उनके उल्लेखनीय कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में धामनोद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद बागवान के शानदार और उपलब्धियों से भरे कार्यकाल को विशेष रूप से याद किया गया। सैलाना थाना क्षेत्र में पदस्थ रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों के सफल निराकरण, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन के बीच बेहतर पुलिसिंग की मिसाल पेश की। धामनोद चौकी प्रभारी के रूप में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का कुशलता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन किया। निर्धारित कार्यकाल पूर्ण होने के बाद शासन की नीति के तहत उनका स्थानांतरण मंडला जिले में किया गया है।
वहीं प्रधान आरक्षक हेमंत जाट ने अपने लगभग चार से पांच वर्ष के कार्यकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ उल्लेखनीय सेवाएं दीं। उनके व्यवहार, कार्यकुशलता और टीम भावना की विभागीय अधिकारियों एवं साथियों द्वारा सराहना की गई।
इसी प्रकार आरक्षक फकीरचंद सोलंकी ने भी अपने चार वर्षों के सफल कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। आमजन के प्रति उनके सौम्य व्यवहार और जिम्मेदारियों के प्रति सजगता के कारण उन्होंने विभाग में अपनी अलग पहचान बनाई। पांचवें वर्ष में प्रवेश के साथ नियमानुसार उनका स्थानांतरण किया गया।
समारोह के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थानांतरित होने वाले पुलिसकर्मियों के उत्कृष्ट कार्यकाल, ईमानदारी और सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कई अवसर ऐसे भी आए जब वर्षों से साथ कार्य कर रहे साथियों की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल भावुक हो उठा।
इस अवसर पर एसडीओपी नीलम बघेल, थाना प्रभारी पिंकी आकाश, एसडीओपी कार्यालय एवं सैलाना थाना का समस्त पुलिस स्टाफ सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि स्थानांतरित हो रहे अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने उत्कृष्ट कार्यकाल, बेहतर पुलिसिंग और जनहित के प्रति समर्पण से विभाग और क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत