रतलाम / रावटी
सैलना रावटी क्षेत्र के ग्राम खेड़ी कला (धोंलावाड़) में वन विभाग की कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया है। जानकारी के अनुसार, सोहन पिता दितु मईड़ा, हकरी बाई पति मडिया, बद्री पिता राइजिंग, सांवरिया पिता रायसिंह, मंगली पति गलियां तथा कोदर पिता रायसिंह सहित अन्य रहवासियों को पूर्व में वन भूमि पर वन विभाग द्वारा पट्टे वितरित किए गए थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच वन विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से उनके मकानों को ध्वस्त कर दिया। प्रभावित परिवारों का कहना है कि बारिश का मौसम शुरू होने वाला है और ऐसे समय में उनके आशियाने तोड़े जाने से वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशुराम निनामा मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और विरोध स्वरूप धोंलावाड़ रोड पर धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने तथा उनके आवासों के संबंध में उचित व्यवस्था करने की मांग की है। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूद।
रिपोर्टर : जितेन्द्र कुमावत