कालूखेड़ा/जावरा
जावरा क्षेत्र के किसानों के लिए राहत और खुशखबरी भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जिस उपमंडी के संचालन का इंतजार किया जा रहा था, वह इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। किसानों की सुविधा और कृषि उपज के सुगम एवं बेहतर विपणन को ध्यान में रखते हुए कालूखेड़ा उपमंडी का संचालन आगामी 5 जून से प्रारंभ किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के हजारों किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूरस्थ मंडियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय के साथ-साथ परिवहन खर्च एवं श्रम की भी बचत होगी।
उपमंडी के शुभारंभ से पूर्व जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने मंडी परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य केके सिंह कालूखेड़ा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने मंडी परिसर में किसानों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में प्लेटफॉर्म व्यवस्था, बारिश के मौसम में जलभराव की संभावनाओं, बिजली आपूर्ति, मुरम भराव तथा नालों के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्थाओं पर विशेष चर्चा की गई। विधायक डॉ. पांडेय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि कालूखेड़ा उपमंडी के शुरू होने से उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए दूर स्थित मंडियों तक नहीं जाना पड़ेगा, जिससे आर्थिक बोझ कम होगा और कृषि उपज का समय पर विक्रय संभव हो सकेगा। किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
5 जून से शुरू होने जा रही कालूखेड़ा उपमंडी को क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे न केवल किसानों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलेगा। किसानों को उम्मीद है कि यह उपमंडी भविष्य में क्षेत्र के कृषि विकास की नई पहचान बनेगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत