|
|
रात्रिकालीन अभियान में 107 निगरानी बदमाशों की चेकिंग, 60 होटल-ढाबों की तलाशी, 43 वाहनों पर चालानी कार्रवाई नीमच। पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में 30/31 मई 2026 की दरम्यानी रात जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, निगरानी बदमाशों की जांच, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना रहा। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 118 गैर-जमानती वारंट तामील किए, जिनमें 39 स्थायी वारंट एवं 79 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इनमें मादक पदार्थ तस्करी के 2, शरीर संबंधी अपराधों के 52 तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के 37 वारंट शामिल रहे। अभियान के दौरान 12 स्थानों पर संयुक्त चेकिंग कर 175 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 वाहन चालकों के चालान बनाकर 21,800 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने 107 निगरानी बदमाशों और एक जिला बदर आरोपी की भी जांच की। अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए 60 होटल, लॉज एवं ढाबों की तलाशी ली गई। आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरण दर्ज कर 51 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई। इसके अलावा सट्टा अधिनियम के तहत 3, जुआ अधिनियम के तहत 1 तथा एनडीपीएस एक्ट के तहत 1 प्रकरण दर्ज किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई कार्रवाई में पुलिस ने 2 किलो 190 ग्राम अवैध गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं जिले में 54 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। महिला संबंधी अपराधों के 3 आदतन आरोपियों की चेकिंग कर उनकी गतिविधियों एवं चाल-चलन की जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विभिन्न बैंकों और एटीएम केंद्रों की भी जांच की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। |