रतलाम / सैलाना
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) के अंतर्गत सैलाना में प्रायोगिक परीक्षा का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बीएसडब्ल्यू (BSW) एवं एमएसडब्ल्यू (MSW) के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर अपने ज्ञान और अनुभव प्रस्तुत किए।
परीक्षा के दौरान शासकीय महाविद्यालय सैलाना के प्राचार्य डॉ. पाटीदार ने विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ईमानदारी एवं स्वाभिमान के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं समाजशास्त्र के प्रोफेसर डॉ. बालकृष्ण चौहान द्वारा छात्रों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें विशेष रूप से जल संरक्षण विषय पर प्रश्नोत्तर एवं प्रायोगिक ज्ञान साझा किया गया। विद्यार्थियों ने जल संरक्षण से जुड़े अपने प्रोजेक्ट, असाइनमेंट एवं रिपोर्ट प्रस्तुत कर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
ब्लॉक समन्वयक श्री रतनलाल चरपोटा ने परीक्षा का सफल संचालन करते हुए सभी विद्यार्थियों एवं अतिथियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में परामर्शदाता दिनेश कुमार गहलोत, पंकज निनामा, राजू निनामा, पवन पारगी एवं पीरूलाल निनामा की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने विद्यार्थियों को अभियान गतिविधियों को ऑनलाइन अपलोड करने तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षा से वंचित छात्र-छात्राओं को CMCLDP की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज सेवा और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से युवा अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट दिखाई दी। जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर केंद्रित यह प्रायोगिक परीक्षा न केवल शैक्षणिक गतिविधि रही, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन भी साबित हुआ।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत