रतलाम
रतलाम में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं, जब एक मामूली विवाद ने दो जिंदगियां लील लीं। जीआरपी थाना क्षेत्र के ओल्ड रेलवे क्वार्टर में रविवार रात बारात के दौरान नाचने को लेकर शुरू हुई कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। चाकूबाजी और पथराव की इस वारदात में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना में आरोपी पक्ष के भी दो लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारात में शामिल दोनों पक्षों के बीच डांस को लेकर बहस शुरू हुई थी। पहले हल्की नोकझोंक हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष बारात से बाहर निकलकर आमने-सामने आ गए। गाली-गलौज के बाद स्थिति हिंसक हो गई और चाकू व ईंट से हमला कर दिया गया।
इस खौफनाक झड़प में रेलवे कॉलोनी निवासी आनंद रावत (पिता गोविंद रावत) और पीएनटी कॉलोनी निवासी शाहबाज उर्फ आशु (पिता आफताब खान) की मौत हो गई। वहीं, 22 वर्षीय पीयूष रावत गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
घायल पीयूष के अनुसार, वह अपने चचेरे भाई आनंद और दोस्त शाहबाज के साथ शंकर मंदिर के पास खड़ा था। इसी दौरान उनका परिचित रोजर बिन्नी वहां पहुंचा और उसने बताया कि उसका मुन्ना और रोहित खंडकर से विवाद हो गया है। कुछ ही देर में आरोपी पक्ष अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब पीयूष और उसके साथियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि मुन्ना ने पीयूष के सिर पर ईंट मारी, जबकि रोहित ने आनंद पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसके सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं। आनंद को बचाने आए शाहबाज पर भी चाकू से हमला किया गया। इस दौरान पीयूष के गले पर भी वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने आनंद और शाहबाज को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद केस जीआरपी को सौंप दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Crime reporter Jitendra Kumawat