रतलाम/ बाजना
बाजना के हाई स्कूल ग्राउंड में आयोजित बाजना प्रीमियर लीग (BPL-2) 2026 का फाइनल मुकाबला 24 अप्रैल को रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। इस टूर्नामेंट में कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया, लेकिन फाइनल की जंग ब्लैक पैंथर्स और आरसीबी के बीच खेली गई, जिसने दर्शकों को आखिरी ओवर तक बांधे रखा।
फाइनल मैच में ब्लैक पैंथर्स टीम के कप्तान कालू भाई भाभर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। आरसीबी टीम, जिसका नेतृत्व निलेश जैन कर रहे थे, ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 61 रन का लक्ष्य खड़ा किया। लक्ष्य भले ही छोटा था, लेकिन मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।
जवाब में उतरी ब्लैक पैंथर्स टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट खोकर 8 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही ब्लैक पैंथर्स ने BPL-2 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच के हीरो रहे सुरेश डोडियार, जिन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए "मैन ऑफ द मैच" चुना गया। विजेता टीम को ₹41,000 का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों ने भी जमकर उत्साह बढ़ाया। इस आयोजन ने बाजना में क्रिकेट के प्रति युवाओं के जुनून को एक नई पहचान दी।