|
मंदसौर : जिला आपूर्ति अधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि डीजल, पेट्रोल एवं LPG की आपूर्ति को लेकर विभिन्न माध्यमों से फैल रही अफवाहों और भ्रामक जानकारियों पर ध्यान न दें। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ऑयल कंपनियों और गैस एजेंसियों से जानकारी प्राप्त की गई है। ऑयल कंपनियों द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में डीजल, पेट्रोल और LPG का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा इनकी नियमित आपूर्ति जारी है। वर्तमान में किसी भी प्रकार की कमी या आपात स्थिति नहीं है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अनावश्यक रूप से डीजल, पेट्रोल और LPG का अतिरिक्त स्टॉक न करें तथा अपनी आवश्यकता और खपत के अनुसार ही खरीदारी करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति डीजल, पेट्रोल या LPG का अवैध भंडारण कर कृत्रिम अभाव पैदा करता है या घरेलू LPG का व्यवसायिक दुरुपयोग करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिले में डीजल, पेट्रोल एवं LPG की सप्लाई निरंतर और सुचारु रूप से जारी है। |