दमोह
दमोह जिले के इमलाई गांव में कक्षा 10वीं के छात्र ऋषि अहिरवार की चाकू लगने से मौत हो जाने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर बहादुर और डॉक्टर चक्रेश चौधरी की टीम ने छात्र के शव का पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
कलेक्टर श्री कोचर और पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में एसडीएम आर.एल. बागरी, सीएसपी एच.आर. पांडे, तहसीलदार रघुनंदन चतुर्वेदी, सब इंस्पेक्टर नीतीश जैन, प्रधान आरक्षक हेमंत सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और पूरे मामले की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत इमलाई के सरपंच रमेश श्रीवास्तव और सचिव संजय सिंह राजपूत भी मौके पर उपस्थित रहे। पंचायत की ओर से मृतक छात्र के अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई, जिससे परिजनों को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। वहीं गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त है।