|
मंदसौर/सीतामऊ। ग्राम पंचायत भारतपुरा की सरपंच ने शासकीय कार्य के दौरान विवाद करने, जान से मारने की धमकी देने तथा पत्थरबाजी करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना सीतामऊ में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भारतपुरा की सरपंच रेखा कुंवर पति सुरपालसिंह निवासी कुंडला तहसील सीतामऊ जिला मंदसौर ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि 6 मार्च 2026 को पंचायत दल प्रधानमंत्री सड़क योजना के सर्वे के लिए मंदसौर से आए अधिकारियों के साथ मौके पर गया था। इसी दौरान ग्राम कुंडला निवासी देवेंद्र प्रतापसिंह पिता भगवानसिंह ने विवाद खड़ा कर दिया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि देवेंद्र प्रतापसिंह द्वारा सरपंच को जान से मारने और गर्दन धड़ से अलग कर देने की धमकी दी गई तथा पत्थरबाजी भी की गई। साथ ही शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। सरपंच ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी शराब का धंधा करता है और शासकीय कुएं की जमीन पर अवैध कब्जा भी कर रखा है। महिला सरपंच रेखा कुंवर ने आवेदन में बताया कि आरोपी अपने धन और बाहुबल के दम पर उन्हें और उनके परिवार को डरा-धमका रहा है तथा अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई घटना होती है तो इसके लिए आरोपी जिम्मेदार होगा। सरपंच ने पुलिस प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। |