|
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशाविरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी सरवानिया महाराज पुलिस ने 03 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अफीम की अनुमानित कीमत 5,25,000 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई नीमच जिला पुलिस के पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी जावद श्री रोहित राठौर के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी जावद निरीक्षक विकास पटेल एवं पुलिस चौकी सरवानिया महाराज की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। घटना का संक्षिप्त विवरण दिनांक 01.03.2026 को पुलिस चौकी सरवानिया महाराज, थाना जावद को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना की तस्दीक के दौरान ग्राम खेड़ा मोड़ी से ग्राम नानपुरिया के कच्चे मार्ग पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रोड़मल उर्फ रोडू सिंह पिता लच्छीराम सुरावत (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम रतनपुरिया, थाना जावद, जिला नीमच को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से दो प्लास्टिक थैलियों में भरी कुल 03 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की गई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि उक्त अफीम निर्भय सिंह उर्फ पप्पु पिता भेरूलाल बावरी, निवासी ग्राम खेड़ा मोड़ी, थाना जावद द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। उक्त व्यक्ति को भी प्रकरण में सह-आरोपी बनाया गया है, जो वर्तमान में फरार है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी रोड़मल उर्फ रोडू सिंह पिता लच्छीराम सुरावत निवासी ग्राम रतनपुरिया, थाना जावद, जिला नीमच (म.प्र.) फरार आरोपी निर्भय सिंह उर्फ पप्पु पिता भेरूलाल बावरी निवासी ग्राम खेड़ा मोड़ी, थाना जावद, जिला नीमच (म.प्र.) जप्त मशरूका दो प्लास्टिक थैलियों में कुल 03 किलो 500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम सराहनीय कार्य इस कार्रवाई में पुलिस चौकी सरवानिया महाराज की टीम की सक्रियता एवं सतर्कता सराहनीय रही। नशे के विरुद्ध अभियान के तहत पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के लिए कड़ा संदेश है। |