|
नीमच। जिला कलेक्टर द्वारा घोषित स्वच्छता का शनिवार अभियान के तहत नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने शनिवार 28 फरवरी को शहर की छोटी-छोटी गलियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्य समय में इधर-उधर घूम रहे कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में मुस्तैदी से सफाई कार्य करने के निर्देश दिए। सड़क पर बंधे पशु पकड़े, गौशाला भिजवाए वात्सल्य भवन के बाहर विद्युत डीपी के पास पशु बंधे पाए जाने और आसपास भारी गंदगी देख सीएमओ ने तत्काल पशु वाहन मंगवाया। दोनों पशुओं को वाहन में भरवाकर गौशाला भिजवाया गया तथा पशु मालिक को भविष्य में वहां पशु न बांधने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही स्वच्छता टीम बुलाकर नाले की सफाई भी मौके पर ही प्रारंभ करवाई गई। इन क्षेत्रों में किया निरीक्षण सीएमओ ने वीर पार्क रोड, जैन भवन रोड, मिडिल स्कूल रोड, महेश्वरी भवन के पीछे का मार्ग, सिंधी कॉलोनी, लायंस पार्क चौराहा, वात्सल्य भवन रोड, दशहरा मैदान सहित वीर पार्क से बंगला क्षेत्र की छोटी-छोटी गलियों (बंगला नंबर 38 क्षेत्र) में भी सफाई व्यवस्था देखी। गंदगी पाए जाने पर स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं स्वच्छता जनसेवकों को नालियों और सड़कों की नियमित सफाई तथा समय पर कचरा उठाने के निर्देश दिए गए। सी एंड डी मटेरियल पर होगी चालानी कार्रवाई निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सड़क पर मकान निर्माण का वेस्ट मटेरियल (सी एंड डी) पाए जाने पर स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से सामग्री हटवाकर संबंधित के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एक सफाई कर्मी को अपना क्षेत्र छोड़ अन्य स्थान पर घूमते पाए जाने पर उसे कड़ी चेतावनी देते हुए अपने निर्धारित क्षेत्र में कार्य करने के निर्देश दिए गए। विदित हो कि करीब एक माह पूर्व जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा जिले की सभी निकायों को प्रत्येक शनिवार क्षेत्र में भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे। उसी क्रम में सीएमओ द्वारा निरंतर निरीक्षण कर शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिनेश टांक एवं स्वच्छता निरीक्षक श्री भारत सिंह भारद्वाज भी उपस्थित रहे। |