|
मंदसौर। जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुरजनी में हुए भय्यु लाला उर्फ वाहीद हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा पुलिस की एसआईटी टीम ने कर दिया है। नौ दिन तक चली गहन जांच के बाद सामने आया कि इस जघन्य वारदात की साजिश घर के अंदर ही रची गई थी। मृतक की पत्नी रुकसाना ही हत्या की मुख्य आरोपी निकली, जबकि दो अन्य आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने में उसकी मदद की। पुलिस ने दोनों सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पत्नी रुकसाना फरार है। दम घुटने की कहानी निकली झूठी घटना 18 फरवरी 2026 की है, जब सूचना कर्ता याकुब पिता बाबर खान, निवासी सुरजनी ने पुलिस को बताया कि उसका भाई वाहीद उर्फ भय्यु लाला पुलिस के डर से पलंग पेटी में छिपा था, जहां दम घुटने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 03/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की। जिला चिकित्सालय मंदसौर में डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि मौत दम घुटने से नहीं, बल्कि गोली लगने से हुई थी। इसके बाद अपराध क्रमांक 83/2026 धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। एसआईटी का गठन, सच आया सामने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मंदसौर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ के पर्यवेक्षण में विशेष जांच टीम एसआईटी का गठन किया। एसआईटी ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संदिग्धों से गहन पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी रुकसाना ने ही गोली मारकर हत्या की थी। घटना के बाद आरोपी सलमान खान और बबलु खान ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ कर इसे दुर्घटना दर्शाने की कोशिश की। अवैध पिस्टल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार एसआईटी ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल भी जब्त कर ली है। पुलिस ने सलमान खान पिता जमाल खान पठान, निवासी सुवासरा हाल मुकाम सुरजनी बबलु खान पिता अब्दुल गनी पठान, निवासी सुरजनी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मुख्य आरोपी रुकसाना पति वाहीद उर्फ भय्यु निवासी सुरजनी की तलाश जारी है। जिसने सबसे ज्यादा रोया, वही निकली कातिल इस हत्याकांड में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिसने घटना के बाद सबसे अधिक रो-धोकर पुलिस पर सवाल उठाए, वही पत्नी हत्या की मुख्य साजिशकर्ता निकली। पुलिस के इस खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। |