उज्जैन / महिदपुर। धर्म, आस्था और भक्ति की परंपरा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वीरेंद्र सिंह राजपूत टीम-11 द्वारा लगातार किए जा रहे धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में ग्राम बनी में 87वें विशाल सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। श्री हनुमान जी मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया। सुंदरकांड की चौपाइयों और हनुमान जी के जयकारों से ग्राम बनी का वातावरण गुंजायमान हो उठा।
आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और विद्युत रोशनी से सजाया गया था। दोपहर से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। जैसे ही ढोलक और मंजीरों की मधुर धुन के साथ सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ हुआ, श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए। पाठ के दौरान जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंजता रहा। महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठजनों ने पूरे उत्साह के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता की।
108 सुंदरकांड का संकल्प, 87वें पड़ाव तक पहुंची टीम-11
टीम-11 के संयोजक वीरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि उनकी टीम ने 108 सुंदरकांड पाठ आयोजित करने का संकल्प लिया है। इसी संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को अलग-अलग हनुमान मंदिरों में सुंदरकांड पाठ आयोजित किए जा रहे हैं। अब तक टीम द्वारा 87 सुंदरकांड सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि हनुमान जी की कृपा और भक्तों के सहयोग से यह धार्मिक यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। हमारा उद्देश्य केवल सुंदरकांड पाठ कराना नहीं, बल्कि युवाओं को सनातन धर्म, संस्कृति, संस्कार और सामाजिक एकता से जोड़ना भी है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और आपसी सद्भाव का संदेश देना ही टीम का मुख्य ध्येय है।
आरती के बाद हुआ प्रसादी वितरण
सुंदरकांड पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात विधिवत हनुमान जी की आरती की गई। इसके बाद मंदिर परिसर में भव्य प्रसादी वितरण का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन में हनुमान भक्त मंडल के सदस्यों, गांव के वरिष्ठजनों, महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में वीरेंद्र सिंह राजपूत टीम-11 के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि गांव में सुख-शांति, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं। 108 सुंदरकांड के संकल्प की ओर बढ़ते टीम-11 के कदम अब क्षेत्र में धार्मिक चेतना और युवा सहभागिता की एक प्रेरणादायी मिसाल बनते जा रहे हैं।
महिदपुर से संजय जाट की खास रिपोर्ट ।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत