मंडी गेट से गणेश मंदिर और चीताखेड़ा मार्ग तक प्याज से भरे वाहनों की लगी लाइन, किसानों को परेशानी से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह
जीरन। स्थानीय कृषि उपज मंडी जीरन में इन दिनों प्याज की बंपर आवक देखने को मिल रही है। सोमवार, 16 नवंबर 2026 को मंडी में प्याज की भारी आवक के चलते मंडी परिसर के साथ-साथ बाहर की सड़कों पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात ऐसे बन गए कि मंडी गेट के बाहर जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई।
सोमवार शाम 7:30 बजे की स्थिति के अनुसार मंडी का गेट बंद था। मंडी के अंदर लगभग 2 हजार से 3 हजार कट्टों के आसपास प्याज की आवक दर्ज की गई। वहीं मंडी के बाहर भी बीती रात से ही प्याज से भरे वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं।
मंडी गेट से लेकर जीरन-नीमच सड़क मार्ग पर श्री गणेश मंदिर तक चार पहिया वाहनों की लंबी लाइन नजर आई। वहीं दूसरी ओर मंडी गेट से चीताखेड़ा मार्ग तक भी प्याज से भरे वाहनों की कतारें लगी रहीं। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पर भी दबाव देखने को मिला।
गौरतलब है कि दो दिनों के अवकाश के दौरान भी मंडी में प्याज की बड़ी मात्रा में आवक हुई थी। इसके बाद सोमवार को मंडी खुलने पर एक बार फिर बंपर आवक का सिलसिला जारी रहा। लगातार बढ़ती आवक के चलते मंडी के बाहर वाहनों की कतारें लंबी होती जा रही हैं।
किसान भाइयों के लिए जरूरी सूचना
यदि किसान मंगलवार, 17 नवंबर को प्याज लेकर जीरन कृषि उपज मंडी आने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से रवाना होने से पहले मंडी सूत्रों से आवक और गेट खुलने की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। बाहर खड़े वाहनों की लंबी कतारों को देखते हुए मंडी गेट दोबारा बंद किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
ऐसे में किसान भाई बिना जानकारी लिए प्याज लेकर मंडी के लिए रवाना न हों, ताकि उन्हें रास्ते में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
SSE NEWS की किसान भाइयों से अपील है कि मंडी की ताजा स्थिति की जानकारी लेकर ही अपनी उपज लेकर रवाना हों।
विनोद सांवला हरवार