रतलाम / सैलाना। नगर के प्रमुख आस्था केंद्र श्री कालिका माता मंदिर के प्रवेश मार्ग पर निर्मित भव्य सनातन तोरण द्वार अब नगरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। ₹13.50 लाख की लागत से तैयार इस आकर्षक तोरण द्वार से मंदिर मार्ग की सुंदरता और भव्यता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विधिवत धार्मिक अनुष्ठान, कन्या पूजन और महाआरती के पश्चात नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ‘लक्की’ ने इसका लोकार्पण कर इसे आमजन को समर्पित किया।
चैत्र नवरात्रि 2025 के दशहरे पर हुआ था भूमि पूजन
कालिका माता मंदिर मार्ग पर सनातन तोरण द्वार निर्माण की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में चैत्र नवरात्रि 2025 के दशहरे के अवसर पर भूमि पूजन किया गया था। उस समय नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला तथा कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्षविजय गहलोत ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की नींव रखी थी। इसके बाद ₹13.50 लाख की लागत से तोरण द्वार का निर्माण कराया गया। अब निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद लोकार्पण के साथ यह भव्य द्वार नगर की धार्मिक पहचान को नया आयाम दे रहा है।
आकर्षक स्वरूप और विद्युत सज्जा से सुसज्जित यह तोरण द्वार मंदिर मार्ग की सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है।
महाआरती और कन्या पूजन के साथ हुआ लोकार्पण
लोकार्पण कार्यक्रम के पूर्व श्री कालिका माता मंदिर में विधिवत महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम स्थल पर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला और परिषद के पार्षदों ने नौ कन्याओं तथा एक भैरवजी का विधि-विधान से पूजन किया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात नवनिर्मित सनातन तोरण द्वार का लोकार्पण किया गया।
धार्मिक आस्था और नगर की सुंदरता को मिली नई पहचान
नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि श्री कालिका माता मंदिर सैलाना नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माताजी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर मार्ग पर भव्य सनातन तोरण द्वार के निर्माण और आकर्षक विद्युत सज्जा से मार्ग की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह द्वार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को भी भव्यता प्रदान करेगा।
जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, पार्षद कुलदीप कुमावत, जगदीश पाटीदार, मुकेश पटेल, राधा पाटीदार, पुष्पा राठौड़, विशाल धबाई एवं मंगलेश कसेरा, एल्डरमेन रवि शर्मा एवं वर्दीचन्द्र पाटीदार, पार्षद प्रतिनिधि राजेश पाटीदार, किशोर कसेरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत