|
कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक लेकर दायित्व सौंपे, समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश आगर-मालवा : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 13 सितम्बर को आगर में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनों को माह सितम्बर 2026 की राशि का वितरण तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम की तैयारियों एवं कानून-व्यवस्था को लेकर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, मंच, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई एवं चिकित्सा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को दृष्टिगत रखते हुए सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। बैठक जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, डिप्टी कलेक्टर एवं सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे। |