जावरा (रतलाम)। जय भवानी मातृशक्ति तलवारबाजी संघ भारत (दहेज विरोधी क्षत्रिय संघ भारत का अनुषांगिक संगठन) ने संगठनात्मक विस्तार के तहत जावरा की सुश्री दीपिका सिंह डोडिया को राष्ट्रीय संगठन मंत्री नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठन की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी की अनुशंसा पर की गई। सुश्री दीपिका सिंह डोडिया ठिकाना लसुल्ड़िया सुरजमल, जावरा (मध्यप्रदेश) से हैं और लंबे समय से सामाजिक एवं महिला जागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय बताई जाती हैं।
संगठन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सुश्री दीपिका सिंह डोडिया को महिलाओं एवं सर्व समाज की बेटियों को आत्मरक्षा, परिवार सुरक्षा तथा आवश्यकता पड़ने पर देश, धर्म और राष्ट्र रक्षा के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन का कहना है कि कराटे, लाठी एवं तलवारबाजी जैसे पारंपरिक एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवतियों और महिलाओं को सशक्त बनाने का अभियान आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही संगठन की विचारधारा के अनुरूप विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का संचालन भी किया जाएगा।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुश्री दीपिका सिंह डोडिया पूर्व से मिशन लव जिहाद मुक्त भारत अभियान से भी जुड़ी रही हैं। संगठन का दावा है कि उन्होंने इस अभियान के अंतर्गत अनेक बेटियों की "घर वापसी" में सहयोग कर सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई है।
इस नियुक्ति पर संगठन के संस्थापक श्री महेन्द्र सिंह राठौड़ (जाखली, जयपुर, राजस्थान), राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लक्ष्मण सिंह गोगटीया, राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष कुंवर विरेन्द्र सिंह सिसौदिया तथा दहेज विरोधी क्षत्रिय संघ भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर महेंद्र सिंह पंवार सहित राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों ने सुश्री दीपिका सिंह डोडिया को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सभी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा प्रशिक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में और अधिक प्रभावी कार्य करेगा।
संगठन ने कहा कि आने वाले समय में देशभर में महिलाओं और बालिकाओं के लिए प्रशिक्षण, जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता के कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा, जिससे आत्मविश्वास, सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत किया जा सके।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत