|
|
सुसनेर: आगामी सिंहस्थ-2028 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रीति यादव ने गुरुवार को सुसनेर एवं सोयतकलां क्षेत्र का दौरा कर प्रस्तावित होल्डिंग एरिया स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुसनेर-आगर मार्ग पर टोल प्लाजा के समीप तथा ग्राम आंकली स्टेडियम परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों से चर्चा की और इन स्थलों को होल्डिंग एरिया के लिए उपयुक्त बताया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि लगभग एक हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता वाला होल्डिंग एरिया विकसित किया जाए, जहां श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बिजली, छायादार विश्राम स्थल एवं शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए संबंधित विभागों को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंकली स्टेडियम के बाहर मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे संचालित अवैध गुमटियों, अस्थायी होटल और ढाबों को तत्काल हटाने तथा पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश तहसीलदार को दिए। इसके बाद उन्होंने सोयतकलां के डूंगरगांव स्थित राजस्थान सीमा के टोल प्लाजा क्षेत्र का भी निरीक्षण कर वहां श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए होल्डिंग एरिया विकसित करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, एसडीएम देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी देवकरण यादव, जिला जनसंपर्क अधिकारी जगदीशचंद्र मालवीय, थाना प्रभारी अक्षय सिंह सहित राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। रिपोर्ट : अर्पित हरदेनिया |