रतलाम : शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर जनपद शिक्षा केंद्र रतलाम लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में विकासखंड स्त्रोत समन्वयक (बीएससी) श्रीमती सुरेखा सिंह माना ने मंगलवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवीन कन्या, रतलाम स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर कक्षा 5वीं एवं 8वीं की आयोजित पुनः परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों का अवलोकन करते हुए परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, गोपनीयता एवं अनुशासन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निष्पक्ष एवं तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिलना चाहिए, जिससे वे अपनी वास्तविक क्षमता का प्रदर्शन कर सकें।
परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के बाद श्रीमती सुरेखा सिंह माना शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय डी.ई.एफ. लाइन, रतलाम में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुईं। यहां नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का पारंपरिक एवं आत्मीय तरीके से तिलक लगाकर, पुष्पहार पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बच्चों के चेहरों पर विशेष उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ जन शिक्षक संध्या जैन, रमेश उपाध्याय एवं योगिता सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन तथा विद्यालयीन गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों ने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया।
प्रवेश उत्सव के माध्यम से शिक्षा विभाग का उद्देश्य बच्चों को विद्यालय से जोड़ते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर प्रेरित करना है, जिससे वे भविष्य में बेहतर नागरिक बन सकें। शिक्षा के प्रति इसी सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ रतलाम विकासखंड में शैक्षणिक गतिविधियों को नई ऊर्जा प्रदान की जा रही है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत