|
|
भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी ड्रग (मेफेड्रोन) बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार बिजौलिया थाना पुलिस ने चंपापुर गांव स्थित एक फार्म हाउस पर दबिश देकर एमडी ड्रग बनाने के कथित अड्डे का खुलासा किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि फार्म हाउस पर लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं और यहां बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ का निर्माण किया जा रहा है। कास्या चौकी प्रभारी नरेश शर्मा को प्राप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी स्वागत पांड्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में एमडी ड्रग तथा ड्रग निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद होने की सूचना है। मौके पर मांडलगढ़ डीवाईएसपी सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच एवं साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है तथा ड्रग सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। हालांकि बरामदगी की सटीक मात्रा, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट जारी किया जाना अभी बाकी है। रिपोर्ट जारी होने के बाद मामले से जुड़े और तथ्य सामने आने की संभावना है। यह कार्रवाई बिजौलिया क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई मानी जा रही है। रिपोर्ट : दिनेश जी जोशी |