|
|
मंदसौर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर क्षेत्र में जनसंपर्क एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में सांसद सुधीर गुप्ता ने मंदसौर एवं मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से चर्चा की तथा वरिष्ठजनों का सम्मान किया। मंदसौर विधानसभा के दलौदा मंडल अंतर्गत ग्राम नगरी में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की गई हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे देश में समावेशी विकास को नई गति मिली है। सांसद गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी रूप से धरातल तक पहुंचाना है। आज विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और प्राप्त लाभों के संबंध में चर्चा कर उनकी प्रतिक्रियाएं भी जानीं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुमित सेन, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती संगीता धाकड़, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश धाकड़, सांसद प्रतिनिधि घनश्याम बग्गड़ सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके पश्चात सांसद सुधीर गुप्ता दलौदा मंडल के ग्राम कचनारा पहुंचे, जहां लाभार्थियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया गया। सांसद गुप्ता ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री विजय सुराना, मंडल अध्यक्ष सुमित सेन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। वहीं मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के धुंधड़का मंडल तथा गुर्जरबर्डिया मंडल के ग्राम ईश्वरपुर, जोगीखेड़ा और धमनार में भी सांसद सुधीर गुप्ता ने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। कार्यक्रमों के दौरान भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिकाधिक पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का संकल्प लिया। इससे पूर्व सांसद सुधीर गुप्ता ने दलौदा रेलवे स्टेशन पहुंचकर श्री राम दल सेवा समिति द्वारा प्रतिदिन संचालित जल सेवा अभियान में सहभागिता की। उन्होंने समिति के समर्पित सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं से आत्मीय भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया तथा यात्रियों को शीतल जल वितरण के सेवा कार्य में सहयोग किया। सांसद ने सेवा कार्य में जुटे कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक एवं मानवीय प्रयास समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। |