|
|
नीमच। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान को धरातल पर उतारते हुए नीमच प्रशासन ने एक प्रेरणादायक पहल की है। बुधवार को कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा स्वयं सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक ही यात्री बस में सवार होकर ग्राम खातीखेड़ा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के लिए रवाना हुए। प्रशासन का अनोखा सफर बना चर्चा का विषय कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुई इस बस में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, वनमंडलाधिकारी श्री एस.के. अटोदे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शासकीय एवं निजी वाहनों के बजाय सामूहिक परिवहन को अपनाकर प्रशासन ने ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग का प्रभावी संदेश दिया। गांव में लगेगा समाधान का दरबार ग्राम खातीखेड़ा, तहसील जावद में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ग्रामीणों की समस्याएं सीधे सुनेंगे और मौके पर ही उनके निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। शिविर में राजस्व, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन सहित विभिन्न विभागों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा। योजनाओं का लाभ पहुंचेगा घर-घर शिविर के दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों से आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे, ताकि उन्हें स्थानीय स्तर पर ही योजनाओं का लाभ मिल सके। नीमच प्रशासन की यह पहल न केवल ईंधन बचत की दिशा में एक सराहनीय कदम है, बल्कि सरकारी तंत्र द्वारा आमजन को सकारात्मक संदेश देने की एक प्रेरक मिसाल भी बन गई है। |