रतलाम / सरवन
रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब सालरापाड़ा और भाटखेड़ी के बीच एक खतरनाक मोड़ पर ईको कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में एक ही परिवार के सदस्य सवार थे, जो राजस्थान के सलूंबर क्षेत्र से इंदौर की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सौभाग्य से सभी यात्रियों की जान बच गई और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार ईको कार क्रमांक MP 13 ZJ 8504 सालरापाड़ा-भाटखेड़ी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान एक टर्न पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
हादसे में कार में सवार शंकर पिता नाथूलाल किर (32 वर्ष) निवासी सलाडा, सलूंबर (राजस्थान), उनकी पत्नी मीनाक्षी (28 वर्ष), बहन माधुरी पिता देवीलाल (20 वर्ष), निवासी सागवाड़ा, किशन पिता देवीलाल उम्र (18 वर्ष ) निवासी सागवाड़ा पुत्र चिराग पिता शंकर (7 वर्ष) तथा पुत्री मिसिका पिता शंकर (4 वर्ष) घायल हो गए। सभी को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों एवं पुलिस की सहायता से घायलों को तत्काल उपचार के लिए सरवन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य है।
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल सरवन थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया एवं एसआई किशनलाल रजक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करवाई तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सालरापाड़ा-भाटखेड़ी के बीच स्थित कुछ मोड़ों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। समय पर मिली मदद और वाहन की गति नियंत्रित होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा परिणाम गंभीर हो सकते थे।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता की याद दिलाता है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में पूरा परिवार सुरक्षित बच गया और एक संभावित बड़ी त्रासदी टल गई।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत