बारात में आतिशबाजी के दौरान गेहूं के खेत में भड़की आग... आग बुझाने गए दो बारातियों की कुएं में गिरने से मौत...!

Like 6 Views 1045
Kamlesh Sharma (Mandsaur) 15-04-2024 Regional

रतलाम।‌ शादी में आतिशबाजी की चिंगारी से गेहूं के खेत में आग लग गई। आग बुझाने दौड़े दो बारातियों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। अंधेरा होने से युवकों को कुआं नजर नहीं आया और दोनों कुएं में समा गए। कीचड़ में फंसने से दोनों की मौत हो गई। बारात में हो रही आतिशबाजी से उठी चिंगारी से गेहूं के खेत में आग भड़क गई थी। बारातियों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर बारातियों और ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे कुएं में उतरकर दोनों को बाहर निकाला लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना रतलाम के सैलाना के भैंसाडाबर गांव की है। खेजड़ी काटने की रस्म के दौरान लग गई आग जानकारी के मुताबिक, सैलाना के भैंसाडाबर गांव में शनिवार को आदिवासी समाज में शादी थी। गोविंद डिंडोर की बारात पिपलौदा तहसील के गांव बड़ौदा से बद्रीलाल निनामा के घर जा रही थी। गांव से कुछ दूरी पर बारात रोककर दूल्हे से खेजड़ी काटने की रस्म निभाई जा रही थी। आतिशबाजी के दौरान गेहूं के खेत में आग लग गई। विनोद निंबड़वा (24) और अजय बामनिया (24) आग बुझाने दौड़े और कुएं में गिरने से दोनों की मौत हो गई। अजय का शव शनिवार देर रात निकाल लिया था, जबकि विनोद का शव काफी देर तक सर्चिंग के बार रविवार सुबह मिला है। विनोद का शव कीचड़ में फंसा था पुलिस के मुताबिक, कुआं 70 से 80 फीट गहरा है। कुआं ऊपर से चौड़ा है तो नीचे संकरा है। ऊपर पानी और नीचे कीचड़ था। ऐसे में युवक को तलाशने में काफी दिक्कत आ रही थी। रात में ही क्रेन मंगाई गई। लेकिन वह भी छोटी पड़ गई। सुबह उजाला होने के बाद विनोद का शव कीचड़ में फंसा दिखा। रस्सियों के सहारे एसडीआरएफ के जवान कुएं में उतरे। सुबह 9 बजे शव को निकाला जा सका। बता दें कि  मृतक अजय गांव के सरपंच अनिल बामनिया का छोटा भाई है। उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। विनोद की शादी एक साल पहले हुई थी।

प्रादेशिक