महाकाल मंदिर के गर्भगृह में लगी आग... पुजारी सहित 13 लोग झुलसे..!

Like 9 Views 935
Public Reporter (Ujjain) 25-03-2024 Regional

मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां होली के दिन महाकाल मंदिर में भस्म आरती के दौरान एक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि मंदिर के गर्भगृह में आग लग गई। जिसके चलते पुजारी सहित 13 लोग आग में झुलस गए। फिलहाल घायलों को एंबुलेंस की मदद से उज्जैन के जिला अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। वहीं समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। उज्जैन के ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर में सोमवार सुबह भस्म आरती के दौरान गर्भगृह में आग लग गई। पुजारी समेत 13 लोग झुलस गए। बताया जा रहा है कि आरती के दौरान गुलाल उड़ाने की वजह से आग भड़की। मंदिर में इस समय हजारों श्रद्धालु मौजूद थे। सभी महाकाल के साथ होली मना रहे थे। घायल सेवक ने बताया कि आरती कर रहे पुजारी संजीव पर पीछे से किसी ने गुलाल डाल दिया। गुलाल दीपक पर गिरा संभवतः गुलाल में केमिकल होने की वजह से आग भड़क गई। इधर रंग-गुलाल से गर्भगृह की चांदी की दीवार को बचाने के लिए वहां फ्लैक्स लगाए गए थे। इनमें भी आग फैल गई। कुछ लोगों ने अग्निशामक यंत्र से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गर्भगृह में मौजूद आरती कर रहे संजीव पुजारी, विकास, मनोज, सेवाधारी आनंद कमल जोशी समेत 13 लोग झुलस गए। उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए हैं, एक कमेटी जांच करेगी
इस घटना के दौरान सीएम मोहन यादव के बेटे और बेटी भी मंदिर में मौजूद थे। दोनों भस्मारती दर्शन करने गए थे। दोनों सुरक्षित हैं। दो पुजारियों को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है। आग गर्भगृह के साथ ही नंदीहॉल के बाहरी हिस्‍से में लगी। घटना के बाद सभी झुलसे लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि डाॅक्टर मौके पर नहीं थे। डाॅक्टरों के देरी से आने पर पुजारी नाराज हो गए। आनन-फानन में अधिकारियों को फोन किया गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे। बाद में चार पुजारियों को इंदौर अरबिंदो अस्पताल रैफर किया गया।

रिपोर्ट : कमलेश शर्मा