रतलाम / सैलाना। नगर के सदर बाजार स्थित जूते-चप्पल की दुकान पर मोलभाव को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। दुकानदार और उसके स्वजनों पर लाठियों से हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लकड़ी की लाठियां और दो बाइक जब्त की गई हैं। इधर घटना में गंभीर चोटें आने के बावजूद हत्या के प्रयास की धारा नहीं जोड़ने से नाराज व्यापारी महासंघ ने मोर्चा खोल दिया। विरोध स्वरूप बुधवार को सैलाना का बाजार दोपहर तक बंद रखा गया। इसके बाद व्यापारियों ने थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। महासंघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन बाजार बंद किया जा सकता है।
सुबह चप्पल देखने आया युवक शाम को साथियों के साथ पहुंचा
घटना 19 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे की बताई गई है। दुकानदार ताहेर पुत्र नजमुद्दीन बोहरा के अनुसार सुबह करीब 11:30 बजे संसार निवासी विदेसिंह निनामा चप्पल खरीदने आया था। कीमत पसंद नहीं आने पर वह दुकान से चला गया। आरोप है कि शाम को वापस लौटकर उसने गाली-गलौज और धमकी दी।
इसके करीब 20 मिनट बाद वह राहुल निनामा और कपिल निनामा सहित अन्य लोगों के साथ लाठियां लेकर दुकान पर पहुंचा।
आरोपियों ने ताहेर बोहरा उनके भाई मुफद्दल और पड़ोसी बुरहान के साथ मारपीट की तथा दुकान में तोड़फोड़ कर दी।
हमले में मुफद्दल के सिर में गंभीर चोट आई। ताहेर की दाईं कोहनी और बुरहान के बाएं हाथ में भी चोट लगी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए दो घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। ज्ञापन में मुफद्दल के सिर में नौ टांके आने और बुरहान के हाथ में फ्रैक्चर होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़ा
मामले में सैलाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 0408/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पहले संसार निवासी विदेसिंह निनामा को गिरफ्तार किया। इसके बाद कार्रवाई करते हुए राहुल निनामा निवासी आंबाकुड़ी और कपिल निनामा निवासी इंद्रावल खुर्द के साथ करण पुत्र छगन चरपोटा तथा अनिल पुत्र शंकर डिंडोर को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से लकड़ी की लाठियां और दो बाइक जब्त की हैं।
हालांकि गिरफ्तारियों के बाद भी व्यापारी महासंघ ने मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग उठाई है। महासंघ का कहना है कि दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर घटना में शामिल सभी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग
व्यापारी महासंघ ने ज्ञापन में कहा कि दुकान पर हुए हमले से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना है। महासंघ ने मुफद्दल के सिर में आई गंभीर चोट का हवाला देते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही आरोपियों को जमानत मिलने की स्थिति में नियमानुसार कानूनी आपत्ति प्रस्तुत करने की बात भी कही गई।
ज्ञापन में आरोपियों की संपत्ति की जांच करने और अवैध संपत्ति पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग भी शामिल है। महासंघ ने आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग का भी उल्लेख किया। व्यापारियों ने कहा कि घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दोपहर तक बंद रहा बाजार
घटना के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने एकजुट होकर बाजार बंद रखा। दोपहर तक बाजार बंद रहने से नगर में विरोध का माहौल बना रहा। इसके बाद व्यापारी महासंघ और विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन की प्रतियां कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भेजने की मांग भी की गई।
व्यापारी महासंघ ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करना जरूरी है। महासंघ ने चेतावनी दी कि यदि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी नहीं की गई और गंभीर चोटों के मामले में उचित कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारी अनिश्चितकालीन बाजार बंद करने का निर्णय ले सकते हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर के विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि जनप्रतिनिधि पत्रकार और आमजन मौजूद रहे। अब मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर व्यापारियों और नगरवासियों की नजरें टिकी हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत