|
|
भीलवाड़ा । शारीरिक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने पदों की संख्या बढ़ाने एवं भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री, राज्यपाल तथा शिक्षा मंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने मांग की कि शारीरिक शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 5000 से अधिक की जाए तथा भर्ती की विज्ञप्ति जल्द जारी की जाए। अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश में बड़ी संख्या में योग्य एवं प्रशिक्षित अभ्यर्थी लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, इसलिए पर्याप्त पद सृजित कर युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान किया जाना चाहिए। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों ने पिछली भर्ती परीक्षा में शामिल कथित फर्जी अभ्यर्थियों की निष्पक्ष जांच कर विशेष संचालन समूह (एसओजी) की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने की मांग भी की। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आवश्यक है। ज्ञापन सौंपने के दौरान लाडो स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष किशन मालावत, संजय खटीक, कल्पेश खटीक, पारस जाट, कैलाश माली सहित सैकड़ों अभ्यर्थी मौजूद रहे। |