|
|
चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान में सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आई-20 कार में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त स्कीम में छिपाकर ले जाई जा रही 09 किलो 999 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाई जा रही मुहिम के तहत की गई। एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी ब्रजेश सिंह व थानाधिकारी प्रेम सिंह के सुपरविजन में एसआई अमृत लाल के नेतृत्व में टीम गठित कर नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान उदयपुर-नीमच हाईवे पर संदिग्ध आई-20 कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार को रोका और तलाशी ली। तलाशी में कार के अंदर बनाई गई गुप्त स्कीम से 09 प्लास्टिक थैलियों में अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी: 1 : नरेन्द्र कुमार (55 वर्ष) निवासी पीपलियापंथ, जिला मंदसौर 2 : राजू पोरवाल (52 वर्ष) निवासी महावीरगंज, पीपलिया मंडी, जिला मंदसौर दोनों आरोपियों से अवैध अफीम की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ जारी है। कार्रवाई में शामिल टीम थानाधिकारी प्रेम सिंह, एसआई अमृत लाल, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह, कांस्टेबल डूंगर सिंह, भजन लाल, दीपक कुमार, पृथ्वीपाल सिंह, विजय एवं कुलदीप। रिपोर्ट: वसीम अली |